खड्डा। एक सप्ताह पहले खड्डा थाने के एसओ और एक सिपाही के बीच फोन पर हुई बातचीत का ऑडियो टेप वायरल हो गया है। 70 सेेकेंड के इस टेप में एसओ सिपाही को डांट-फटकार रहे हैं। इस मामले में सिपाही को एसपी ने बीते 22 अगस्त को ही निलंबित कर दिया था, लेकिन टेप रविवार को वायरल हुआ। जिले में सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहे टेप खूब चर्चा में हैं।
खड्डा थाने में तैनात सिपाही आदित्य का एसओ श्रीप्रकाश यादव से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। एसओ ने सिपाही को ही डांट-फटकार लगाते हुए निलंबन की चेतावनी दी थी। एसपी ने इस सिपाही को बीते 22 अगस्त को अनुशासनहीनता और कार्य में लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया था। रविवार को इस मामले से जुड़ा 70 सेकेंड का ऑडियो टेप वायरल हुआ। इस टेप में एसओ और सिपाही के बीच हुई बातचीत रिकॉर्ड है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस टेप को पुलिस महकमे के तमाम वरिष्ठ अधिकारियों को भी भेजकर कार्रवाई की मांग की गई है। इस मामले में एसपी ने सिपाही आदित्य को बीते 22 अगस्त को ही गोपनीयता भंग करने, अपराधियों के साथ संबंध रखने, अनुशासनहीनता समेत कई गंभीर आरोपों में निलंबित कर दिया है। एसओ श्रीप्रकाश यादव का कहना है कि उन्होंने सिपाही को शांति भंग के एक मामले में आरोपी के साथ एसडीएम कोर्ट भेजा था। सिपाही ने वहां लापरवाही बरतते हुए आरोपी की जमानत में मदद की थी। इसीलिए उसे डांटा गया था। पूरे प्रकरण की जानकारी उच्चाधिकारियों को भी दी गई थी।