शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नया रामनगर 12 बीघा निवासी महावीर सिंह (68) पुत्र सुगर सिंह ने रविवार की दोपहर तीन बजे घर में जहर खा लिया। जिससे उनकी हालत बिगड़ गई। इलाज के लिए अस्पताल लाया गया, जहां देर रात महावीर की मौत हो गई। भाई राजा ने बताया कि महावीर काफी समय से मानसिक रोगी थे। उनका ग्वालियर में उपचार भी चल रहा था। दस वर्ष पहले वह यूपी स्टेट एग्रो सेवानिवृत्त हुए थे। उनके एक पुत्र भी है। वह बीमारी की वजह से अक्सर परेशान रहते थे।
वहीं शहर कोतवाली के उमरार खेरा निवासी उदयवीर उर्फ रिंकू (28) पुत्र बलवीर सिंह ने रविवार की रात पारिवारिक कलह के चलते जहर खा लिया। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया। जहां से उसे झांसी मेडिकल के लिए रेफर कर दिया। परिजन जब उसे झांसी लेकर पहुंचे तो डाक्टरों ने रिंकू को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि रिंकू अहमदाबाद में रहता था और किसी गुटका कंपनी में काम करता था। उसकी शादी चार पहले हुई थी। अभी उसके बच्चा नहीं हुआ था। पुलिस का कहना है कि हो सकता है कि संतान न होने से ही दुखी हो। फिलहाल जांच की जा रही है।
इसी तरह कदौरा थाना क्षेत्र के भेड़ी खुर्द निवासी राममनोहर के 24 वर्षीय पुत्र राघवेंद्र उर्फ कज्जू ने रविवार की रात जहर खा लिया। उसे सीएचसी कदौरा से कानपुर रेफर कर दिया। परिजन उसे कानपुर हैलट ले गए। जहां उपचार के दौरान सोमवार की सुबह उसकी मौत हो गई। परिजन शव लेकर गांव लौट आए और पुलिस को सूचना दिए बिना अंतिम संस्कार भी कर दिया। सूत्रों की मानें तो परिजन कज्जू को जुए का लती बता रहे हैं और हाल ही में वह जुए में घर की बड़ी रकम भी हार गया था। इस बाबत थानाध्यक्ष कामता प्रसाद का कहना है कि उनके पास इस तरह की कोई जानकारी नहीं है।