चोरी के बाद घर के बाहर खड़े ग्रामीण
- फोटो : amar ujala
मोहल्ला अंबेडकर नगर निवासी मातादीन पुत्र गरीबा शुक्रवार को पत्नी के साथ लमसर गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। सूना घर पाकर देर रात चोर घर के मुख्य दरवाजे पर लगे ताले को तोड़कर भीतर घुसे और कमरे में रखी अलमारी से जेवरात व नगदी चोरी कर घर में रखा अन्य जरूरी सामान चोरी कर ले गए। शनिवार सुबह जब मोहल्ले वालों ने मातादीन के घर के दरवाजे का ताला टूटा देखा तो उन्होंने तुरंत फोन कर मातादीन को सूचना दी।
कुछ ही देर में मातादीन घर पहुंच गए, जहां अंदर जाकर घर में बिखरे पड़े सामान को देखा तो उनके होश उड़ गए। वहीं अलमारी से जेवर आदि गायब देखकर उनकी पत्नी बदहवास हो गई। मातादीन ने बताया कि चोर करीब दो लाख रुपये कीमत के जेवरात, 20 हजार नगद, टीवी, कूलर के साथ पीतल के बर्तन भी चोरी कर ले गए। इसके अलावा 15 दिन पूर्व उनकी गर्भवती छोटी बहू के घर से नेग आया था, वह सामान भी चोरी हो गया। मातादीन ने थाने पहुंचकर घर में हुई चोरी की तहरीर दी है। थानाध्यक्ष आनंद कुमार का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।