चोरी के बाद बक्सा दिखाते मंदिर के लोग।
- फोटो : amar ujala
उरई कोतवाली क्षेत्र के रामनगर निवासी एवं सरस्वती ज्ञान मंदिर के प्रधानाचार्य भूपेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि वह सरकारी अधिवक्ता के मकान के ऊपर वाले हिस्से में बतौर किरायेदार रहते हैं। सोमवार की रात घर में सो रहे थे, तभी मकान में दाखिल हुए चोरों ने उनकी पैंट में पड़े 32 हजार रुपये और अलमारी का लॉकर खोलकर उसमें रखे 10 हजार रुपये व सोने की अंगूठी पार कर दी है। सुबह जब आंख खुली तो कमरा अस्त व्यस्त देखकर परेशान हो गए। इसके बाद सूचना देने पर पुलिस पहुंची और मामले की जांच पड़ताल की।
इंस्पेक्टर आरके सिंह का कहना है कि प्रधानाचार्य से तहरीर लेकर मामला दर्ज किया जा रहा है। घटना के खुलासे के लिए एक दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है। वहीं कदौरा प्रतिनिधि के मुताबिक, कस्बे के मोहल्ला इस्लामाबाद स्थित हनुमान मंदिर में बीती रात चोर ताला तोड़ कर घुस गए। मंदिर में घुसे चोरों ने बक्से का ताला तोड़ दिया। इस बीच आसपास सो रहे लोगों को खटपट की आवाज सुनाई पड़ी तो वे शोर मचाते हुए जाग गए। शोर सुनकर चोर मौके से फरार हो गए।
मंगलवार सुबह मंदिर पहुंचे लोगों ने ताला टूटा देखा तो कमेटी के पदाधिकारियों को सूचना दी। कमेटी प्रबंधक किशनचंद्र ने बताया कि मुख्य पुजारी तीर्थ यात्रा में गए हैं। इसलिए चोरी का अंदाजा नहीं है कि कितने की चोरी हुई है उनके आने के बाद ही सही जानकारी हो पाएगी। प्रबंधक ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल जांच कर कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि 10 दिन पूर्व इस्लामाबाद स्थित दरगाह में चोरों ने दान पेटी काट कर 50 हजार रुपये की चोरी की थी। लगातार हो रही घटनाओं से कस्बे के लोगों में रोष व्याप्त है।