पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते दुकानदार।
- फोटो : amarujala
कस्बा कदौरा निवासी अनूप पुत्र कमलेश गुप्ता कस्बे के मुख्य बाजार में किराने की दुकान किए है। दुकान के पास ही एक गली में वह अपना गोदाम बनाए हैं। रविवार रात उनके गोदाम को चोरों ने निशाना बना लिया। चोरों ने गोदाम की पीछे की कच्ची दीवार को तोड़ दिया और सीढ़ी के सहारे अंदर घुस गए। अंदर जाकर चोरों ने सारा सामान उथल पुथल डाला। इसके बाद गोदाम में रखे करीब 24 रिफाइंड के डिब्बे पार कर भाग निकले। सुबह अनूप गुप्ता जब अपने गोदाम से माल निकालने पहुंचे तो शटर खोलते ही उनके होश उड़ गए। गोदाम के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था।
गोदाम में चोरी की खबर इलाके में फैलते ही हड़कंप मच गया। इलाकाई दुकानदार गोदाम के बाहर इकट्ठे हो गए। अनूप ने बताया कि चोर केवल रिफाइंड के डिब्बे चोरी कर ले गए है। जिनकी कीमत करीब 30 हजार रुपये है। सूचना पर कुछ ही देर में पुलिस पहुंच गई और जांच पड़ताल शुरू की। उधर चोरी की वारदात से गुस्साए दुकानदारों ने अपनी अपनी दुकानें बंद कर नारेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
दुकानदारों का कहना था कि पुलिस रात में न तो गश्त कर रही है और नहीं पिकेट ड्यूटी लगाई जा रही है, जिससे चोरी की वारदातों में बढ़ोतरी होती जा रही है। अगर जल्द से जल्द चोरी का खुलासा नहीं किया गया तो वह पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर धरना प्रदर्शन करेंगे। गोदाम मालिक अनूप ने पुलिस को गोदाम में हुई चोरी की लिखित तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नहीं हुआ पिछली चोरियों का खुलासा
गोदाम में हुई चोरी की वारदात से गुस्साए दुकानदारों ने बताया कि एक माह के अंदर कस्बे के मुख्य बाजार में यह दूसरी चोरी है। इससे पहले चोरों ने विनोद गुप्ता की दुकान की शटर का ताला तोड़ कर कॉस्मेटिक का सामान चोरी कर लिया था। साथ ही इससे पहले इनायत अली की परचून की दुकान में भी चोरी हुई थी। इन चोरियों का पुलिस आज तक खुलासा नहीं कर पाई है।