पकड़े गए टप्पेबाजों के साथ पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
जालौन। पिछले माह नगर के झंडा चौराहे के पास से एक अध्यापक की बाइक की डिग्गी से लगभग साढ़े चार लाख रुपये उड़ाने का कोतवाली पुलिस ने खुलासा कर दिया। पकड़े गए तीनों टप्पेबाजों से पुलिस ने 30 हजार रुपये नगद और खरीदी गई एक मारुति वैन सहित एक देशी तमंचा, एक छुरी व एक जिंदा कारतूस बरामद किए। पिछले महीने 16 अप्रैल को ग्राम धनौरा निवासी अध्यापक बखत सिंह स्टेट बैंक से 4 लाख 47 हजार रुपए निकालकर अपनी बाइक की डिग्गी में रख लिए। इसके बाद वह बाजार में झंडा चौराहे के पास बाइक खड़ी कर कुछ खरीददारी कर रहे थे। तभी अज्ञात लोगों ने उनकी बाइक में रखे सारे रुपए उड़ दिए थे। इस मामले का खुलासा करते हुए सीओ कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली की उक्त टप्पेबाजी में शामिल लोग एक नई मारुति वैन से लौना रोड पर आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी लाल बहादुर यादव, चौकी प्रभारी मुकेश कुमार सिंह, एसआई सलमान अली, जेपी सिंह नारायणपुरा के पास बम्बी पर पहुंच गए। जहां से निकल रही मारुति वैन को पुलिस ने जब हाथ देकर रोकना चाहा तो ड्राइवर वैन को भगाने लगा जिसके बाद पुलिस ने पीछा करते हुए मारुति वैन सहित उसमें बैठे संतोष कुमार पुत्र दर्शनलाल व राजेश कुमार पुत्र बद्रीप्रसाद निवासीगण ग्राम असवी थाना मंगलपुर, कानपुर देहात एंव ललौना पुत्र अली बख्श निवासी ग्राम अंगुरी थाना भोगनीपुर, कानपुर देहात को पकड़कर कोतवाली ले आई।
पुलिस ने तलाशी में उनके पास से 30 हजार रुपये नगद, एक देशी तमंचा, एक छुरी व एक जिंदा कारतूस बरामद किया। वहीं, पूछताछ में उन्होंने बताया कि पिछले माह 16 अप्रैल को हुई टप्पेबाजी की घटना को उन्होंने ही अंजाम दिया था। उन्होंने बताया कि उन्होंने चोरी के रुपयों से मारूती वैन खरीद ली थी। सीओ ने बताया कि घटना के खुलासे में स्वॉट टीम का भी योगदान रहा। इस मौके पर स्वाट टीम प्रभारी वीपी चतुर्वेदी शोएब आलम व गौरव बाजपेई आदि उपस्थित रहे।