पिछले दिनों कोंच में अधजली लाश की बरामदगी के मामले में तीसरे आरोपी को
कोर्ट से सशर्त रिमांड पर ले लिया। पुलिस का दावा है कि उससे पूछताछ के बाद
उसकी निशानदेही पर मृतका की चप्पलें और चुनरी बरामद की गई हैं। वहीं आरोपी
युवक ने
पुलिस पर जबरन उसे फंसाने का आरोप लगाया है। तीन महीने पूर्व
कोंच में एक अधजली युवती की लाश बरामद की गई थी। इस मामले में दो आरोपियों
ने कोर्ट में समर्पण कर दिया जबकि तीसरा फरार था। पिछले दिनों तीसरे युवक
ने भी कोर्ट में
समर्पण किया। बुधवार को कोर्ट ने सशर्त पुलिस को तीसरे
आरोपी देवेंद्र तिवारी की रिमांड दे दी है। सागर चौकी में हुई पूछताछ के
बाद जांच अधिकारी सीओ अवधेश कुमार शुक्ल ने उसकी निशानदेही पर मृतका की
चुनरी और चप्पलें रेल पटरियों
के किनारे की झाड़ियों से बरामद करने का दावा
किया है। सीओ ने बताया कि वटोले से किसी चौथे व्यक्ति द्वारा युवती को
रेलवे स्टेशन तक छोड़ कर आने के लिए कहा गया था। बाद में वटोले और उसके
साथियों वरुण व लकी की भी नीयत खराब
हो गई और उन्होंने गल्ला मंडी में ले
जाकर उसके साथ समागम किया। बाद में पैसों को लेकर युवती से झंझट हुआ जिसके
बाद उसकी हत्या कर लाश रेल पटरी किनारे ले जाकर फूंक दी गई। चौथे व्यक्ति
के बारे में पूछे जाने पर सीओ ने कहा कि
तमाम पूछताछ के बाद भी वटोले उसका
नाम नहीं बता रहा है। गौरतलब है कि पुलिस की तमाम कोशिशों के बाद भी
मामले का कायदे से खुलासा नहीं हो सका है, यहां तक कि मृतका की शिनाख्त
अभी भी पहेली बनी हुई है जो पुलिस के लिये बड़ी चुनौती है। इस दौरान कोतवाल
मनवीर सिंह, एसआई जयवीर सिंह, राजेन्द्र तिवारी, राजाभैया आदि मौजूद रहे।