ग्राम कुरेहना आलमगीर में शनिवार रात चोरों का गिरोह गांव में पहुंचा। चोरों ने सबसे पहले गांव के पूर्व प्रधान नवल अहिरवार के घर धावा बोला। पीछे की दीवार से सीढ़ी के सहारे घर में घुसे चोर एक कमरे में पहुंचे, जहां रखी अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे 20 हजार रुपये व तीन तोला सोने के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। इसके बाद चोर गांव के धीरेंद्र सिंह पुत्र नरेंद्र सिंह के घर के पीछे की दीवार से छत के रास्ते घर में घुसकर 48 हजार रुपये नगद, 15 तोला सोने के जेवरात व एक किलो चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए।
चोरों ने तीसरा निशाना महाराज सिंह पुत्र राम प्रसाद के मकान को बनाया। इनके घर में भी चोर पीछे की दीवार से चढ़े। एक कमरे में जाकर चोरों ने 10 हजार रुपये नगद व उड़ीसा से घर आई महाराज सिंह की बेटी के बैग से 25 हजार रुपये नगद व करीब 5 तोला सोने के जेवरात चोरी कर लिए। यहां के बाद चोर सुनील सिंह पुत्र स्व. रामसिह के घर जा धमके। पीछे की दीवार के रास्ते घर में घुसे चोर एक कमरे में पहुंचे, जहां रखे बक्से से 80 हजार रुपये कीमत का घरेलू सामान, 15 हजार नगद व करीब 3 तोला सोने के जेवर चोरी कर भाग निकले।
इसके बाद चोर गांव के इंद्रपाल सिंह व चंद्रभान अहिरवार के घरों में पहुंचे और यहां से भी चोरों ने नगदी व जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। सुबह जब इन सभी घरों के लोग जागे तो घर में सामान बिखरा पाकर हड़कंप मच गया। एक एक कर सभी अपने-अपने घरों की चोरी की बात चिल्लाते हुए घर से बाहर निकले तो एक साथ छह घरों में चोरियों होने की जानकारी पर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्राम प्रधान चंद्रशेखर दुबे ने चोरियों की सूचना पुलिस को दी।
कुछ ही देर में कोतवाली पुलिस सर्विलांस टीम व फोरेंसिक टीम को साथ लेकर गांव पहुंची। पुलिस ने अपनी जांच पड़ताल शुरू की तो फोरेंसिक टीम ने चोरों के फिंगर प्रिंट आदि संकलित कर फोटोग्राफी की। कोतवाल का कहना है कि चोरी के हर बिंदु पर जांच की जा रही है। साथ ही टीमों का गठन कर चोरों की धरपकड़ के लिए लगा दी गई है। जल्द से जल्द मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
नशीला पदार्थ सुंघाकर लोगों को किया अचेत
चोरों ने गांव में एक साथ छह घरों में चोरी की वारदात को बड़ी ही सफाई के साथ अंजाम दिया। चोरी के दौरान कोई देख न ले या फिर कोई शोर न मचा दे, इसके लिए चोर जिस घर में घुसे वहां पहुंच कर सबसे पहले घर के सभी सदस्यों को विषाक्त पदार्थ सुंघाकर अचेत कर दिया। विषाक्त सूंघते ही उन घरों के सभी लोग अचेत हालत में हो गए और इसके बाद चोरों ने बड़े ही आराम से अपने कारनामे को अंजाम दिया।
गैस कटर का किया इस्तेमाल
चोरों ने अलमारी व बक्से का ताला तोड़ने में कोई आवाज न हो इसके लिए गैस कटर का इस्तेमाल किया। सुबह जब पुलिस जांच के लिए पहुंचे तो देखा कि सभी अलमारियों के लॉक व बक्सों के तालों को गैस कटर से काटा गया है। साथ ही कुछ जगह कमरों के दरवाजों में लगे तालों को भी गैस कटर से काटा गया, जिससे उनमें आग के जलने के निशान भी पाए गए।
बाहर की कुंडी लगाकर भागे
चोरी को अंजाम देने के बाद चोर जिस रास्ते आए उस रास्ते से नहीं भागे, बल्कि उन घरों के मुख्य दरवाजे से निकले। जाते-जाते चोर सभी घरों की कुंडी बाहर से लगा गए। सुबह जब घर के लोग जागे तो उन्होंने अपने अपने घरों की कुंडियां बाहर से लगी हुई पाईं। उन्होंने आवाज देकर पड़ोसियों को बुलाया, तब कहीं जाकर पड़ोसियों ने दरवाजा खोला।
पहली बार गांव में हुई एक साथ इतनी चोरियां
कुरेहना आलमगीर गांव में पहली बार एक साथ छह घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। गांव में इतनी चोरियों को लेकर ग्रामीण भी हैरत में पड़ गए है। जिस तरह चोरों ने सफाई से अपना हाथ साफ किया ग्रामीण अचंभित है कि उन्हें उनकी आहट तक न मिली।