नदी किनारे खड़े ग्रामीण व पुलिस के लोग।
- फोटो : amar ujala
जानकारी के मुताबिक संजू (13) पुत्र उमाशंकर निवासी गैथरी मध्यप्रदेश अपने परिजनों के साथ ननिहाल सियाराम के घर पर अपने मामा टिल्लू की शादी में आया था। सोमवार सुबह वह अपने कुछ दोस्तों के साथ पास ही बहने वाली पहूज नदी में नहाने चला गया। बताया गया है कि नहाते समय गहरे पानी में डूब गया। दोस्तों ने जब देखा तो वे भागते हुए गांव ककरौली पहुंचे और परिजनों को पूरी बात बताई।
इससे गांव में सनसनी फैल गई और शादी वाले घर में कोहराम मच गया। लोग नदी की ओर दौड़ पड़े, ग्रामीणों ने अपने स्तर से संजू को खोजने का प्रयास किया लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। सूचना पर नदीगांव एसओ अशोक कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और गोताखोरों को नदी में उतारा लेकिन समाचार लिखे जाने तक संजू का कोई पता नहीं चल सका था। बता दें कि संजू के मामा की शादी में सोमवार को मंडप का खाना था और मंगलवार को बरात जानी थी। इस घटना से शादी के घर में कोहराम मच गया है।