कदौरा (जालौन)। राजकीय आश्रम पद्धति इंटर कालेज बबीना में सुबह मेस में रोटी लेने गए छात्र को रसोइया ने चिमटा से जला दिया। छात्र ने साथियों को बताया तो भड़क उठे। उन्होंने रसोइया के खिलाफ नारेबाजी की। हंगामे की खबर मिलने पर प्रधानाचार्य पहुंची। उन्होंने थाने में रसोइया के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रसोइया को गिरफ्तार कर लिया। इधर, रसोइया के खिलाफ कार्रवाई से खफा साथियों खाना न बनाने का एलान कर दिया। कदौरा थाना क्षेत्र के बबीना में राजकीय पद्धति इंटर कालेज आवासीय विद्यालय में कक्षा के छात्र अमित कुमार पुत्र रामनारायन निवासी बिनौरा वैद्य शनिवार सुबह कालेज के रसोई घर में रोटी लेने गया तो वहां रसोइया कुलदीप ने गर्म चिमटा से छात्र का हाथ जला दिया। जब यह बात अन्य छात्रों को पता चली तो चार सैकड़ा छात्र एकत्रित हो गए और उन्होंने बवाल काटना शुरू कर दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य रामबाबू ने छात्रों को थाने ले जाकर रसोइया के विरुद्ध तहरीर दी, तब कहीं जाकर मामला शांत हुआ। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष लालमणि ने छात्रों को समझाया और रसोइया कुलदीप को भी गिरफ्तार कर लिया। इधर, रसोइया की कारगुजारी पर उसके खिलाफ की गई कार्रवाई से रसोइया सुशील, रामसखी, ज्ञानचंद्र, मुनीम बाबा, भाईलाल, चरन सिंह ने शाम का खाना न बनाने का ऐलान कर दिया। सूचना पाकर विद्यालय अधीक्षक नरेंद्र पटेल थाने पहुंचे और कहा कि छात्र रोटी लेते समय धोखे से जल गया है।
बोले जिम्मेदार
कदौरा थानाध्यक्ष लालमणि का कहना है कि विद्यालय में अध्ययनरत छात्रों को भोजन की दिक्कत न हो, लिहाजा रसोइया को अधीक्षक के हस्तक्षेप के बाद छोड़ दिया गया है। जांच करके आगे की कार्रवाई की जाएगी।