कबूतरा डेरा पर लहन नष्ट करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
एसडीएम की अगुवाई में शुक्रवार को गिरवर नगर महेशपुरा रोड स्थित कबूतरा डोरा पर छापेमार कार्रवाई की गई। इस दौरान 32 लीटर तैयार कच्ची शराब और पांच हजार लीटर लहन बरामद किया गया। उसे बाद में नष्ट कर दिया गया। तीन महिलाओं के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है। अवैध शराब बंदी के लिए जारी अभियान के तहत शुक्रवार को प्रशासन ने
बड़ी कार्रवाई की। एसडीएम मुईनुल इस्लाम की अगुवाई में आबकारी विभाग के जे.एन सिंह व कमलेश्वर कश्यप के साथ पुलिस फोर्स ने महेशपुरा रोड पर गिरवरनगर में कबूतरा डेरा पर छापा मारा। यहां भट्ठियों को तोड़ दिया गया। जमीन में छुपाए ड्रमों एवं खोद कर बनाये गए गड्ढों में भरे पांच हजार लीटर लहन को नष्ट कर दिया गया। कबूतरा डेरा की तीन महिलाओं
रंजना पत्नी लल्लू, प्रीति पत्नी प्रदीप व कुसमा पत्नी अलाल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है। इधर, चंदकुआ स्थित भांग की दुकान पर भी आबकारी टीम ने छापा मारा। दुकान में 15 ग्राम की 14 पुड़ियां भांग की मिली। इस दुकान को लेकर शिकायतें मिल रहीं थीं कि भांग की आड़ में गांजा बेचा जाता है।