सपा नेता के घर पर फायरिंग सहित कई मुकदमें में वांछित एक हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पकड़े जाने से पहले बदमाश ने पुलिस पर पथराव भी किया।
सपा नेता व जेडीसी बैंक की संचालिका लक्ष्मी देवी के घर पर फायरिंग कर दहशत फैलाने और युवक पर प्राण घातक हमला करने के आरोपी जितिन राजपूत उर्फ चुखरु निवासी गोपालगंज कई मुकदमें में वांछित चल रहा था।
मंगलवार रात कोतवाल आलोक सक्सेना अपने साथी दरोगा अरविंद कुमार के साथ राठ रोड पर गश्त कर रहे थे तभी मौनी बाबा मंदिर के पीछे उन्हें दो युवक खड़े दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें टोका तो युवक भागने लगे, पुलिस ने उन्हें दौड़ाया तो युवकों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पुलिस ने मोर्चा संभाला।
पकड़ा गया युवक शातिर अपराधी जतिन राजपूत निकला। कोतवाल आलोक सक्सेना ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रयास, दलित उत्पीड़न व फायरिंग करने के छह मुकदमे दर्ज हैं। वह दो मुकदमों में वांछित था। उन्होंने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।