कोर्ट परिसर के हवालात में शुक्रवार को एक बंदी ने अपनी साफी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इससे पूरी कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। कदौरा थाना अंतर्गत फरहानपुर गांव का रहने वाला परमेश्वरी (35) पुत्र लालाराम अपने ही भाई की हत्या के मामले में 2015 से स्थानीय जेल में बंद था। शुक्रवार को उसे पेशी के लिए जिला अदालत में लाया गया।
पुलिस के अनुसार इस दौरान उसकी मां उससे मिली और बातचीत में वह उसे धिक्कारने लगी। मां के इस ताने से परमेश्वरी विक्षिप्त सा हो गया और उसने हवालात के अंदर ही फांसी लगाकर जान दे दी। हालांकि यह मामला संदिग्ध माना जा रहा है क्योंकि जजी में भारी गहमागहमी रहती है। साथ ही हवालात में कई बंदी होते हैं। इस आपाधापी में एक बंदी को फांसी
लगाने का मौका कैसे मिल सकता है। खबर मिलने पर हड़बड़ाए पुलिस अधीक्षक डॉ. राकेश सिंह, सीओ सिटी डॉ. जंगबहादुर सिंह यादव, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली संजय गुप्त, प्रतिसार निरीक्षक देवीगुलाम मौके पर पहुंचे। उन्होंने आनन-फानन शव उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।