पुलिस गिरफ्त में नकली सीबीआई इंस्पेक्टर
- फोटो : amar ujala
कोंच। खुद को सीबीआई का इंस्पेक्टर बता कर लोगों को ठगने वाले युवक को पुलिस ने पकड़ा है। उसके पास से एक तमंचा और कार के अलावा विभाग का फर्जी आई कार्ड भी मिला है। इंस्पेक्टर विनोद मिश्र ने बताया कि आरोपी हाल ही में हुए डबल मर्डर में पूरे गांव वालों को फंसाने की धमकी भी दे रहा था। इसी शिकायत की जांच पर आरोपी की पोल खुल गई।
पुलिस ने बताया कि रामपुरा थाने के जगम्मनपुर गांव निवासी युवक जितेंद्र पिछले कुछ दिनों से कोंच में घूमकर लोगों के बीच खुद को सीबीआई का इंस्पेक्टर बताता था और गलत लोगों से वसूली भी करता था। कुछ दिन पहले ही जितेंद्र कोंच के बिरगुवां गांव आया और लोगों को धमकाने लगा कि नया पटेल नगर में हुई पति पत्नी की हत्या का आरोपी इसी गांव में छिपा है। रुपये दो नही तो पूरे गांव को जेल भिजवा दूंगा। कुछ लोगों से जितेंद्र ने रुपये भी ऐंठे। यही शिकायत पुलिस को मिली। तभी से पुलिस भी उसके पीछे लग गई। शनिवार की शाम पुलिस ने कोंच से ही जितेंद्र को धर दबोचा, तब वह एक युवक को धमका रहा था। इंस्पेक्टर ने बताया कि जितेंद्र के खिलाफ गोहन माधोगढ़ और रामपुरा में चोरी, मारपीट और टप्पेबाजी के कई मामले दर्ज है। जिनका पता किया जा रहा है।
तमंचा दिखाकर देता था इनकाउंटर की धमकी
पुलिस ने बताया कि जितेंद्र अपना तमंचा खासतौर पर छोटे मोटे अपराधियों को दिखाकर इनकाउंटर की धमकी देता था। इस बात का खुलासा खुद आरोपी ने किया। कभी खुद को ठाकुर तो कभी पंडित बताता था। पुलिस की माने तो मूलरूप से सहसो इटावा का रहने वाला जितेंद्र कभी अपने नाम के आगे तिवारी तो कभी ठाकुर लगाता था। ताकि उसकी सही पहिचान न हो पाए।
शादाब को भी हड़काया था
कोंच। शनिवार रात पुलिस गिरफ्त में आने से महज कुछ ही देर पहले कस्बे के निवासी शादाब सिद्दीकी नामक युवक भी इस नकली दरोगा ने अपनी अर्दब में लेकर काफी हड़काया था। बकौल शादाब अपनी कार से आ रहा था तभी रास्ते में इस नकली दरोगा जितेंद्र की उससे भेंट हो गई। जितेंद्र ने उस पर रौब गालिब करए कहा कि जानता नहीं कि वह सीबीआई इंस्पेक्टर है। अभी लोकल पुलिस बुलाकर उसको अंदर करा दूंगा। बेचारा सहमा शादाब किसी तरह उसके चंगुल से निकल कर जा सका। दरोगा के पकड़े जाने पर शादाब उसे देखने कोतवाली पहुंचा और पूरी बात बताई।
बिरगुवां गांव के लोगों को कर रखा था परेशान
कोंच। जितेंद्र की गिरफ्तारी की खबर सुन कर ग्राम बिरगुवां बुजुर्ग के प्रधान जितेंद्र सिंह पुत्र मोहर सिंह कोतवाली आ गए और उन्होंने बताया कि इस बदमाश के कारनामों के कारण पूरा बिरगुवां गांव परेशान था और लोगों को धमकाता रहता था कि कोंच में ब्लॉक के पास हुए डबल मर्डर में जेल भिजवा दूंगा। उसने प्रधान से भी दस हजार रुपये की मांग की थी। पकड़े गए बदमाश के खिलाफ पुलिस ने दो मुकदमे दर्ज किए हैं। पहला मुकदमा प्रधान की तहरीर पर दर्ज हुआ है। जबकि दूसरा खुद कोतवाली पुलिस ने लिखाया है।