बसरेही मौरंग खदान पर मंगलवार को एक पॉकलैंड मशीन ट्रक के ट्राला में लादकर ले जाई जा रही थी। ट्रक जब बसरेही गांव के निरंजन ढाबा के पास पहुंचा तो सड़क के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन का तार पॉकलैंड मशीन से छू गया, जिससे मशीन व ट्रक के ट्राला में करंट दौड़ गया। करंट की चपेट में आने से मशीन में बैठे ऑपरेटर नंदकिशोर पंड़ित (31) पुत्र राजाराम पंडित निवासी मांझी छपरा सारन बिहार व ट्रक चालक अजित कुमार पुत्र सोमनाथ शर्मा निवासी कानपुर व मजदूर परवेज पुत्र गफूर निवासी बिहार और मुन्ना झुलस गए।
हादसा होते ही उनकी चीख पुकार सुनकर आस पास ढाबे में मौजूद ग्रामीण दौड़कर आए। उन्होंने डंडे से तारों को ट्राले से अलग कर ट्रक को आगे बढ़ाया। इसके सभी घायलों को मशीन व ट्रक से उतारकर आनन फानन में निजी वाहन से सीएचसी रवाना किया। अस्पताल जाते समय रास्ते में आपरेटर नंदकिशोर की मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाकी तीनों को प्राथमिक इलाज के बाद उनके स्वास्थ्य में सुधार होने पर छुट्टी कर दी गई। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।