कस्बे के जवाहर नगर निवासी लाल सिंह उर्फ गोलू (18) पुत्र राम सिंह पिता के साथ पानी पूरी बेचने का काम करता था। गुरुवार तड़के चार बजे गोलू बाइक से जिम जा रहा था। जैसे ही गोलू की बाइक भैरों मंदिर के सामने वाली रोड पर पहुंची, तभी रोड पर गड्ढे और वहां बिखरी गिट्टी में पड़कर बाइक अनियंत्रित हो गई और गोलू सड़क पर गिरकर घायल हो गया।
हेलमेट न लगाए होने से सिर पर गहरी चोट लगने के कारण गोलू बेहोश हो गया। राहगीरों ने युवक के परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन गोलू को किसी तरह नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। परिजनों ने बताया कि गोलू चार भाइयों में दूसरे नंबर का था और पिता के साथ पानी पूरी के काम में हाथ बंटाता था।
गोलू के पिता राम सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर जब वह मौके पर पहुंचे तो बेटे की हालत देखकर बदहवास हो गए। उन्होंने 100 नंबर और एंबुलेंस को करीब 30 मिनट तक फोन मिलाए लेकिन किसी का फोन नहीं उठा। आखिर में उसने बेटे को गोद में उठाया और करीब तीन चार सौ मीटर की दूरी पर स्थित सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने भी जवाब दे दिया। बदहवास मां सुमन देवी ने बताया कि गोलू रोजाना पैदल ही जिम जाता था। नवरात्र में अधिक काम होने की बात कहकर वह बाइक लेकर निकला था। क्या पता था कि बेटा अब कभी घर लौटकर नहीं आएगा।