सिरसाकलार (जालौन)। दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहे गुरुवार रात सर्राफ को बाइक सवार दो लुटेरों ने सरैनी के जंगल में ूलूट लिया। उनके ऊपर तमंचे से फायर कर गहनाें से भरा बैग लेकर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी भी की लेकिन लुटेरे पकड़ में नहीं आए। सर्राफ की तहरीर पर पुलिस ने दो अज्ञात लुटेराें के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि उन्होंने लुटेरों की बाइक का नंबर ट्रेस कर लिया है।
कानपुर देहात के थाना व कसबा राजपुर के प्रशांत कुमार ने सिरसाकलार थाना पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी थाना क्षेत्र के कसबा न्यामतपुर में सोने चांदी के आभूषणाें की दुकान है। गुरुवार रात लगभग आठ बजे वह दुकान बंद कर सरैनी के रास्ते राजपुर जा रहे थे। गहने व अन्य सामान उसने झोले में रखकर बाइक पर टांगा था। वह सरैनी गांव के पास पहुंचे तभी पीछे से बाइक सावर दो लुटेरों ने उनके ऊपर फायर कर दिया।
उन्होंने भागने की कोशिश की तो लुुटेरों ने ओवरटेक कर बाइक को धक्का दे दिया। इससे सर्राफ बाइक समेत जमीन पर गिर पड़े। लुटेरे झोला छीनकर भाग गए। प्रशांत ने बताया कि झोले में दो किलो चांदी के गहने व लगभग 50 ग्राम के सोने के गहने, चार हजार रुपये नकद व मोबाइल लूट ले गए। सूचना मिलते ही थाना पुलिस व कालपी सीओ ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की लेकिन वह बीहड़ में भाग गए। दरोगा राजेश कुमार ने बताया कि लूटेरों की बाइक का नंबर ट्रेस हो गया है। आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।