मौरंग का अवैध खनन रोकने को माधौगढ़ एसडीएम सौजन्य विकास ने भीमनगर गांव में तीन लेखपाल मंगल कांत, सशांत सोनी व योगेंद्र सिंह की तैनाती की थी। वह क्षेत्र से निकलने वाले मौरंग लदे ओवरलोड ट्रैक्टर और ट्रकों पर निगरानी कर रहे थे। शनिवार देर रात क्षेत्र से कुछ ट्रैक्टर और ट्रक अवैध खनन कर मौरंग ले जा रहे थे। जानकारी मिलने पर उक्त तीनों चेकिंग के लिए निकले। रास्ते में इन्हें मौरंग लदे 10 ट्रैक्टर और दो ट्रक मिले। ट्रैक्टर और ट्रकों के पहुंचते ही लेखपालों ने अधिकारियों को फोन करना शुरू कर दिया। फोन लगाता देख मौरंग माफिया ट्रैक्टर और ट्रकों से उतरकर आ गए।
बेखौफ माफियाओं ने लेखपालों से उनका मोबाइल छीनकर अभद्रता करने लगे। मोबाइल वापस मिलने पर माफिया की संख्या ज्यादा देखकर लेखपाल वहां से चले गए। थोड़ी दूर चलते ही एक लेखपाल ने पुलिस को फोन लगाकर अवैध खनन की सूचना दी। इस पर माफिया ने तमंचे निकाले और लेखपालों को दौड़ा लिया। लेखपाल तमंचा लेकर पीछा करते माफिया को देखकर भाग खड़े हुए। इसके बाद माफिया अपने ट्रैक्टर व ट्रक लेकर वहां से निकल गए। वहीं लेखपालों ने आरोप लगाया कि अवैध खनन की सूचना मिलते ही उन्होंने फोन कर पुलिस को इसकी सूचना दी थी। इसके बाद भी पुलिस मदद को नहीं पहुंची।