कुएं से निकलने के बाद चूल्हे के पास बैठे विपिन व राजाराम।
- फोटो : amar ujala
एट थाना क्षेत्र के ग्राम धगुवांकला में रविवार सुबह दस बजे तब हड़कंप मच गया। जब तीन लोगों ने एक के बाद एक कुएं में छलांग लगा दी। जिससे गांव भर में अफरातफरी का माहौल हो गया कोटरा थाना क्षेत्र के धुरट निवासी विपिन कुमार पुत्र राजाराम का रविवार की सुबह पत्नी अंजू से विवाद हो गया। विवाद के बाद विपिन अपने पिता राजाराम और पत्नी अंजू के साथ अपनी ससुराल धगुवांकला पहुंच गया। जहां फिर से किसी बात को लेकर पति-पत्नी में कहासुनी हो गई।
जिससे नाराज होकर अंजू ने अपने घर के बाहर बने कुएं में छलांग लगा दी। इसके बाद विपिन भी कुएं में कूद गया। बहू बेटे को कुएं में कूदते देख राजाराम ने भी छलांग लगा दी। आसपास के लोगों ने जब तीनों को कुएं में कूदता देखा तो ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और लोग चीखने चिल्लाने लगे। कुएं के पास एकत्रित लोगों ने आनन फानन में तीनों लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद सकुशल बाहर निकाल लिया। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। तीनों लोगों के सही सलामत बाहर निकालने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
अंजू के पिता नारायणदास ने बताया कि उसने अपनी पुत्री अंजू की शादी नौ साल पहले धुरट थाना कोटरा निवासी विपिन पुत्र राजाराम के साथ की थी। दामाद के परिवार में ढाई बीघा खेत हैं। लेकिन शादी के कुछ समय ही बाद से ही दामाद को शराब की लत लग गई, जिसका बेटी विरोध करती थी, जिससे जहां आर्थिक तंगी हो रही थी वहीं बेटी-दामाद के बीच आएदिन आएदिन झगड़ा भी होता रहता था। जब पुत्री पति के साथ रविवार की सुबह जब उसके घर पहुंची तब भी इसी बात पर विवाद हुआ था। उस वक्त वह अपनी पत्नी रामादेवी के साथ खेतों पर कटाई करने गया था। घर पर उसकी छोटी पुत्री रूपा मौजूद थी। जब उसे घटना की जानकारी हुई तब वह खेतों से घर आया। इस पर थानाध्यक्ष उमेश कुमार त्रिपाठी का कहना है कि पति-पत्नी का विवाद है। अगर कोई तहरीर मिलती है जांचकर कार्रवाई की जाएगी।