जालौन। शुक्रवार रात कुल्हाड़ी मारकर पुत्र की हत्या व पत्नी को गंभीर रूप से घायल करने वाले आरोपी हत्यारे को पुलिस घटना के दो दिन बाद भी गिरफ्तार नहीं कर पाई है। कोतवाली प्रभारी के अनुसार पुलिस की तीन टीमें गठित कर दी गई हैं। शीघ्र ही हत्यारोपी पुलिस की पकड़ में होगा। शराब के नशे में कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अकोढ़ी दुबे निवासी जगजीवन प्रजापति का पत्नी जानकी देवी के साथ विवाद हो गया था। इसके बाद वह घर से चला गया।
रात्रि लगभग तीन बजे वह कुल्हाड़ी लेकर घर आया और पत्नी पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इतना ही नहीं, आरोपी ने मां को बचाने आए अपने दस वर्षीय पुत्र की गर्दन पर कुल्हाड़ी से वारकर उसकी हत्या कर दी। बेटे को मारकर व पत्नी को घायल कर वह दरिंदा वहां से भाग निकला। घायल जानकी अभी भी जिला अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है। इस मामले में दो दिन बाद भी पुलिस के हाथ अभी खाली हैं। इस संबंध में जब कोतवाली प्रभारी फुं दनलाल से बात की गई तो उन्होंने बताया कि सीओ के निर्देश पर तीन टीमें गठित कर दी गईं हैं। जो हत्यारोपी जगजीवन के संभावित सभी ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। शीघ्र ही पुत्र का हत्यारा पुलिस की गिरफ्त में होगा।