हाथरस। बैंकों में बड़े और पुराने नोट जमा कराने को लग रही भीड़ अब आपा खो रही है। अब कतारों में लगे लोगों का धैर्य जवाब दे रहा है। शनिवार को जिले में कई जगह पुलिस और बैंकोें में मौजूद लोगों के बीच झड़पे हुईं। पुलिस को कई जगह पुलिस को लाठियां भी फटकरानी पड़ीं।
चक्की बाजार में बैंक ऑफ बड़ौदा के बाहर लगी लंबी कतार में खड़े लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना पर दंगा नियंत्रण वाहन को वहां भेजा गया। पुलिस को देखते ही हंगामा कर रही भीड़ शांत हो गई।
एसबीआई की मुख्य शाखा और मंडी ब्रांच के बाहर भी लोगों ने हंगामा काटा। मुरसान में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के बाहर खड़े लोगों ने जबरन बैंक के अंदर दाखिल होने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें रोका तो लोग हंगामा करने लगे। यहां इंस्पेक्टर और एक युवती के बीच जमकर नोकझोंक हुई। पुलिस को हालात पर काबू पाने के लिए लाठी फटकारनी पड़ीं, जिससे वहां भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई।
कुछ लोगों ने पुलिस पर लोगों के साथ अभद्रता करने का भी आरोप लगाया है। काफी देर तक वहां अफरा-तफरी और हंगामे के हालात रहे। चंदपा, हाथरस जंक्शन में भी एसबीआई के बाहर जमकर हंगामा हुआ। लोग जल्द नोट बदलने की कोशिश में लाइन में लगे थे। जब कई घंटे बाद भी उनका नंबर नहीं आया तो उन्होंने आपा खो दिया और हंगामा किया।