कालपी(जालौन)। कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी करके शातिर अपराधी को तमंचा समेत पकड़ लिया है। बदमाश की निशानदेही पर पुलिस ने आधा दर्जन चोरी की बाइकें बरामद कीं हैं। पुलिस का कहना है कि बदमाश के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
कोतवाल सत्येंद्र पुलिस फोर्स के साथ ग्रामीण अंचल में भ्रमण कर रहे थे, तभी मुखबिर की सूचना पर रायड़ गांव के नाले के समीप शातिर अपराधी नमेंद्र सिंह उर्फ कट्टा गुरु पुत्र धर्म सिंह निवासी रावगंज कालपी को कारतूस व तमंचा संग पकड़ लिया। शिवली थाने में तीन लूट के मुकदमे चल रहे हैं। पुलिस टीम ने सख्ती से पूछताछ की तो समीप के जंगल से आधा दर्जन चोरी की बाइकों को पुलिस ने बरामद कर लिया। उक्त आरोपी के दो साथी भानू व अन्य को पहले से ही गिरफ्तार करके जेल भेजा जा चुका है।