गोहन थाना क्षेत्र के ग्राम मड़ोरी निवासी चंद्रपाल सिंह ने 11 अप्रैल 2015 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि गांव के ही लोकेंद्र सिंह पुत्र शिवरतन, शिववीर सिंह पुत्र शिवराज, आकाश पुत्र कप्तान सिंह उसके पुत्र कौशलेंद्र सिंह उर्फ वीरू को गेहूं कटाई कराने की बात को कहकर उसकी मां पूनम देवी के सामने ले गए थे। बाद में वह वापस नहीं लौटा।
अगले दिन 12 अप्रैल को गांव के ही उदयवीर सिंह के खेत पर स्थित कुएं में उसका शव मिला था। वादी ने हत्या कर शव कुएं में फेंकने का आरोप लगाकर गोहन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। विवेचक ने 6 मई 2015 को लोकेंद्र, शिववीर व आकाश को दोषी पाते हुए कोर्ट में आरोपपत्र दाखिल किया था।
जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी लखनलाल निरंजन ने बताया कि सोमवार को जिला जज अनिल कुमार गुप्ता की अदालत ने तीनों आरोपियों पर दोष साबित होने पर आजीवन कारावास व पांच पांच हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।