नाली निकासी को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इसके बाद एक पक्ष ने अपने
आधा दर्जन साथियों के साथ धारदार हथियारों से लैस होकर दूसरे पक्ष के घर
पर धावा बोल दिया। घर में मौजूद मां-बेटे को बेरहमी से पीटा। इससे दोनों
गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित मां-बेटे लहूलुहान हालत में कोतवाली
पहुंचे। यहां पर पुलिस ने तहरीर लेकर घायलों को उपचार के
लिए भेज दिया है। मोहल्ला
नया रामनगर निवासी अनिल अहिरवार (30) का शुक्रवार की सुबह अपने पड़ोसी
जयनारायण व राजू से नाली निकासी को लेकर विवाद हो गया। पहले दोनों पक्षों
में काफी देर तक कहासुनी होती रही। थोड़ी देर बाद राजू व जयनारायण अपने आधा
दर्जन साथियों के साथ धारदार हथियारों से लैस होकर अनिल अहिरवार के घर में
घुस गए। आरोप है
कि इन लोगों ने घर में मौजूद अनिल व उसकी वृद्ध मां
मुन्नी देवी को बेरहमी से मारापीटा। इससे मां-बेटे गंभीर रूप से घायल हो
गए। इसके बाद यह आरोपी दोनों को जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
वारदात के बाद पीड़ित मां-बेटे लहूलुहान
हालत में कोतवाली पहुंचे। यहां पर
उन्होंने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर मारपीट का आरोप लगाया। पुलिस ने
घायलों को उपचार के लिए भेजकर कार्रवाई शुरू कर दी है। इस बारे में शहर
कोतवाल आलोक सक्सेना ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है। जांच के बाद
रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।