उरई। शहर कोतवाली पुलिस ने बुधवार रात मुखबिर की सूचना पर राजेंद्र नगर पुलिस चौकी के पास नकली शराब बनाने की फैक्ट्री पकड़ी। पुलिस ने मौके एक आरोपी को दबोच लिया जबकि फैक्ट्री संचालक सहित तीन लोग भाग निकले। फैक्ट्री से भारी मात्रा में कच्ची शराब, नकली शराब, स्प्रिट, यूरिया, ढक्कन, होलोग्राम आदि बरामद किए हैं।
एएसपी सुरेंद्र नाथ तिवारी ने गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों को बताया कि बुधवार रात मुखबिर ने मोहल्ला राजेंद्र नगर में नकली शराब बनाने फैक्ट्री चलने की सूचना दी। इस पर देवेंद्र कुमार द्विवेदी ने टीम के साथ राजेंद्र नगर पुलिस चौकी के करीब मकान में छापा मारा। मकान में नकली शराब बनाने का काम चल रहा था। पुलिस ने मौके से करन सिंह राजपूत उर्फ पप्पू पुत्र गंगाप्रसाद निवासी ग्राम बड़ी बंधौली थाना डकोर हाल पता राजेंद्र नगर को दबोच लिया। किंतु फैक्ट्री संचालक मंगल सिंह पुत्र मलिक राजपूत निवासी राजेंद्र नगर, आशीष राजपूत और दीपक राजपूत पुलिस को चकमा देकर भाग निकले। पुलिस ने मकान से भारी मात्रा में नकली शराब, शराब बनाने और पैकिंग का सामान बरामद किया। आरोपी करन सिंह राजपूत ने बताया कि वह कई साल से अवैध धंधे से जुड़ा हुआ है। फैक्ट्री मंगल सिंह चला रहा था। एएसपी ने बताया कि सारी सामग्री बरामद कर मकान को सील कर दिया गया है।
मकान से ये सामग्री बरामद हुई
उरई। पुलिस ने राजेंद्र नगर स्थित मकान से लगभग 600 लीटर कच्ची शराब, 50 लीटर स्प्रिट, दो किलो यूनिया, 1730 खाली क्वाटर, 12 क्वाटर फाइटर देशी शराब, 20 क्वाटर गोवा स्प्रिट ऑफ स्मूथलेस व्हिस्की, एक बोरी ढक्कन, रैपर व होलोग्राम सील और 50 लीटर का खाली केन बरामद किया गया।
हिस्ट्रीशीटर है मुख्य आरोपी
उरई। नकली शराब चलाने वाला मंगल सिंह हिस्ट्रीशीटर है। उस पर उरई कोतवाली में कई संगीन मामले दर्ज हैं। वह कई बार जेल भी जा चुका है। पहले वह शराब की तस्करी करता था। अब नकली शराब भी बनाने लगा था।
ब्रांडेड शराब का भी बनाते थे डुप्लीकेट
उरई। एएसपी ने बताया कि नकली शराब फैक्ट्री में ब्रांडेड शराब भी डुप्लीकेट बनाई जा रही थी। देशी शराब ज्यादा मात्रा बनाई जाती थी। पुलिस ने ब्रांडेड कंपनी गोवा स्प्रिट ऑफ स्मूथनेस व्हिस्की की 20 क्वाटर शराब बरामद की।