अमर उजाला ब्यूरो
बरमाणा (बिलासपुर)।
बैरी में 21 मार्च को मोबाइल दुकान में हुई चोरी की वारदात के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इसके साथ ही चोरी हुए चार मोबाइल भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत के समक्ष पेश किया जहां से उसे 15 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ कर अन्य संलिप्त लोगों और अन्य चोरी के मोबाइलों को बरामद करने की कोशिश करेगी। आरोपियों ने बताया कि कुछ मोबाइल उन्होंने ट्रक चालकों को बेच दिए हैं। जानकारी के अनुसार बरमाणा थाना के अंतर्गत बैरी में 21 मार्च 2017 को चौधरी कम्युनिकेशन की मोबाइल की दुकान से 14 मोबाइल फोन चोरी होने का मामला सामने आया था। पुलिस ने चोरी को अंजाम देने के मामले में जमथल निवासी गोल्डी (19) और अश्वनी (19) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी मोबाइल की दुकान से सैमसंग, ज्योनी, आई टैल और माइक्रोमेक्स के 14 फोन उड़ाकर ले गए थे। मामला दर्ज होने के बाद मोबाइल फोन के ईएमआई नंबर की ट्रेकिंग के आधार पर जब इनकी तलाश की गई तो पुलिस को चोरों तक पहुंचने में देर नहीं लगी। पुलिस ने इनके पास से चोरी के चार मोबाइल भी बरामद कर लिए हैं। जबकि बाकी के फोन इन्होंने ट्रक चालकों को बेच दिए हैं। एचसी हेमराज ने बताया कि दोनों आरोपी पहले भी जमथल में एनटीपीसी के कर्मचारी के घर बड़ी चोरी को अंजाम दे चुके हैं। इसके चलते कई दिन यह पुलिस रिमांड पर भी रहे थे। अभी फिलहाल दोनों आरोपी 15 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर हैं और फोन चोरी की बात कबूल चुके हैं। दोनों ने बताया कि उन्होंने बाकि फोन चलते फिरते ट्रक चालकों को बेच दिए हैं। एचसी हेमराज ने बताया कि ट्रेकिंग के आधार पर जबकि अन्य मोबाइल भी जल्द ही ढूंढ लिए जाएंगे। थाना प्रभारी केसर सिंह ने इसकी पुष्टि की है।