लगभग एक माह पूर्व मंडी गेट के सामने से टायर की दुकान में हुई चोरी का कोतवाली पुलिस ने रविवार को पर्दाफाश किया। चोरी में शामिल चार आरोपियों को पुलिस ने पकड़कर जेल भेजा। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के माल सहित एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस सहित दो चाकू बरामद किए। मंडी गेट के सामने स्थित मोहम्मद साबिर की टायर की
दुकान से एक माह पूर्व चोरी हुई थी। दो दिन पूर्व पुलिस को सूचना मिली कि इस चोरी में शामिल लोग औरैया रोड पर हरीपुरा तिराहे के पास कहीं बाहर भागने की फिराक में खड़े हैं। मौके पर पहुंचे एसआई सलमान अली, रामप्रकाश, मनोज गुप, जयप्रकाश आदि ने चारों आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने उनसे एक 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस सहित दो चाकू
बरामद किए। पुलिस चारों आरोपियों को कोतवाली ले आई जहां पूछताछ में इन्होंने अपने नाम संजीव कुमार दोहरे निवासी मुहल्ला खंडेराव, बाबूजी उर्फ हसीना निवासी मुहल्ला रावतान, मुन्ना भास्कर व प्रदीप उर्फ गुड्डू निवासीगण ग्राम सिरसा कलार बताए। अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए टायरों सहित एक बैटरी बरामद की। चोरों ने पुलिस
को बताया कि वह हसीना की मारुति वैन में चोरी का सामान भरकर ले जाते थे। पुलिस ने मारुति वैन को भी बरामद कर लिया है। चारों अभियुक्तों को जेल भेज दिया। कोतवाली प्रभारी
लाल बहादुर यादव ने बताया कि चोरी की रूपरेखा संजीव दोहरे के घर पर बनी थी। इसके बाद ही इन्होंने चोरी को अंजाम दिया। इसके अलावा सिरसा निवासी दोनों अभियुक्तों पर पहले से ही गैंगस्टर लगा है।