सूने घर में सेंध लगाकर चोरों ने लाखों की नकदी व जेवर पार कर दिए। सुबह जब
गृहस्वामी घर आया तो उसे सभी ताले टूटे मिले। मुआयना करने पर पता चला कि
चोर उसके घर से ढाई लाख की नकदी समेत जेवरात व अन्य सामान पार कर ले गए।
यही नहीं, चोर गृहस्वामी की रिवाल्वर का लाइसेंस भी ले गए। पीड़ित की तहरीर
पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की।
जालौन कोतवाली क्षेत्र के
ग्राम धनौरा निवासी रामऔतार बाबू गांव में अपने मकान में अकेले रहते हैं।
उनका परिवार उरई में रहता है। मंगलवार की रात वह अपने मकान में ताला लगाकर
खेत पर सिंचाई करने गए थे। रात में चोरों ने उनके घर में सेंध लगा दी। घर
के पांच कमरों के ताले तोड़ डाले और ढाई लाख रुपये की नकदी, जेवर, रिवाल्वर
का लाइसेंस व गृहस्थी का
सामान पार कर दिया। पूरे माल की कीमत करीब चार
लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। सुबह जब रामऔतार खेत से वापस अपने घर आए
तो उन्हें मकान के ताले टूटे मिले। यह देखकर वह सन्न रह गए। मकान के अंदर
जाकर देखा तो सभी कमरों के ताले भी टूटे हुए थे और कमरों से सारा सामान
गायब था। पीड़ित की सूचना पर जालौन कोतवाली पुलिस मौके पर
पहुंच गई और
औपचारिकताएं पूरी करके वापस हो गई। अभी तक पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज
नहीं की है। मंगलवार की रात हुई इस चोरी से पूरे गांव में दहशत का माहौल
है। वहीं कोतवाली पुलिस चोरियों पर अंकुश लगा पाने में नाकाम साबित हो रही
है। वहीं इस संबंध में जालौन कोतवाल का कहना है कि छानबीन की जा रही है।
जल्द ही चोरी का खुलासा कर दिया जाएगा।