थाने में खड़ी ट्रैक्टर ट्राली।
- फोटो : प्रतीकात्मक फोटो
कुठौंद थाना क्षेत्र के शंकरपुर चौकी में चेकिंग के दौरान पुलिस ने अवैध मिट्टी खनन में लगे ट्रैक्टर ट्राली को बुधवार को पकड़कर सीज कर चौकी में खड़ा कर लिया था। शुक्रवार सुबह माफिया ने अपने आधा दर्जन साथियों के साथ पुलिस चौकी में खड़ी ट्रैक्टर ट्राली उठा ले गए। जब इसकी जानकारी थाना पुलिस को हुई तो पुलिस हरकत में आई।
वहीं शंकरपुर चौकी के होमगार्ड ब्रजेश यादव ने इसकी तहरीर थाना पुलिस को देते हुए बताया कि क्षेत्र में मिट्टी का अवैध खनन करने वाले एक माफिया ने अपने आधा दर्जन साथियों के साथ शंकरपुर चौकी में खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली जबरन उठा ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सीओ जालौन संजय कुमार शर्मा ने बताया कि तीन दिन पूर्व चेकिंग के दौरान ट्रैक्टर-ट्राली सीज कर चौकी में खड़ा कराया गया था। शुक्रवार को चौकी व थाना पुलिस झांसी में वीआईपी ड्यूटी में गई थी। उसी दौरान सुबह पांच बजे माफिया अपने साथियों के साथ चौकी में आए और ट्रैक्टर-ट्राली ले गए। होमगार्ड की तहरीर पर मामला दर्ज किया जा रहा है। क्षेत्र में किसी तरह का अवैध खनन नहीं होने दिया जाएगा। आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।