कालपी। कोतवाली इलाके में बाइक सवार लुटेरों ने सोमवार को शादी का कार्ड बांट रहे दंपति को बरखेरा गांव के पास लूट लिया। बदमाशों के खिलाफ कोतवाली में लूट का मुकदमा दर्ज कराया गया है। जयरामपुर निवासी वलदेव सिंह पत्नी सुधा व बच्चों के साथ के साथ बरखेरा शादी के कार्ड बांटने गए थे। लौटते समय रास्ते में दो बाइक सवार युवकों ने पीछे से झपट्टा मारकर पत्नी सुधा के गले में पडी़ सोने की चेन व मंगल सूत्र लूट लिया।
दंपति ने बाइक सवारों का पीछा भी किया पर पकड़ नहीं पाए। दंपति ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। इस पर कोतवाली पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर अज्ञात बाइक सवारों की तलाश शुरू कर दी है। 11 नवंबर को भी बाइक सवारों ने कोतवाली के पास महिला से 20,000 रुपये लूट लिए थे। उस घटना का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। उधर, कोतवाल ईश्वर सिंह ने बताया कि नीली बाइक की तलाश शुरू कर दी गई है। महिला ने बदमाशों को देखा है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।