डकोर कोतवाली के गांव निवासी वीरेंद्र सिंह उर्फ वीरू (34) पुत्र आनंद स्वरूप यादव पुलिस में कांस्टेबल था। इस समय डीआईजी कार्यालय झांसी में तैनात था। दो दिन पहले वह अवकाश लेकर अपने घर डकोर आया था। सोमवार की दोपहर घर में उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने जब वीरेंद्र को फांसी पर लटकता देखा तो घर में चीख पुकार मच गई।
सूचना डकोर कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना पाकर सीओ संतोष कुमार, कोतवाल डकोर आशीष मिश्रा पुलिस फोर्स के साथ उसके घर पहुंचे और शव को फांसी से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि मृतक की पत्नी कल्पना व दो बच्चे मानसी व चिराग झांसी में रहते हैं। वह चार भाइयों में तीसरे नंबर का था।
भाई सोनू यादव का कहना है कि जब से वीरेंद्र छुट्टी पर आया था, तभी से कुछ तनाव में था लेकिन उसने किसी से कुछ कहा नहीं। वहीं पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। इस बाबत सीओ का कहना है कि मृतक शराब के नशे में था। जिसके चलते उसने फांसी लगाकर जान दे दी। फिर भी परिवार में कोई बंटवारे का विवाद या फिर झांसी में कोई विभागीय परेशानी तो नहीं थी, इसका भी पता किया जाएगा।