नगर में हो रही ताबड़तोड़ चोरियों ने पुलिस गश्त की पोल खोल कर रख दी है। चोरों ने एक बार फिर कालपी के मोहल्ला हरीगंज में सावित्री देवी के घर में पहले धावा बोला। सावित्री भाई की मौत होने के चलते परिवार समेत गुरुवार को कानपुर गईं थीं। देर रात घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर चोर अंदर घुस गए। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का लॉक तोड़ दिया।
सूचना पाकर पहुंची सावित्री देवी ने बताया कि चोर उनके घर से अलमारी में रखे सवा लाख रुपये, मंगलसूत्र, सोने की झुमकी, बाला, टाप्स, बेंदी, पायले, नथुनी व कीले आदि जेवरात चोरी कर ले गए। इसके बाद चोरों ने मोहल्ले के ही संतोष के बंद घर में भी हाथ साफ कर दिया। संतोष भी परिवार समेत बाहर गए थे। इनके घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा गया। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी से मंगलसूत्र सहित हजारों के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। दोनों ही गृह स्वामियों ने कोतवाली में चोरी की तहरीर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।