शहर कोतवाली के मुहल्ला गोपालगंज में एक दुकान का ताला तोड़कर उसमें रखा ब्यूटी पार्लर का सामान व घर में रखे गहने चोरी कर लिए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने साक्ष्य संकलन कर खुलासे की बात कही है। मुहल्ला गोपालगंज निवासी शेर मुहम्मद ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बेटी अपने घर में ही ब्यूटी पार्लर खोले है।
शनिवार की देर रात करीब 12 बजे चोर उसकी बेटी की दुकान का शटर का ताला तोड़कर उसमें दाखिल हुए और वहां रखी क्रीम, मसाज मशीन से लेकर लहंगे आदि चोरी कर लिए।
दुकान में बनी खिड़की से चोर घर के अंदर आ गए और कमरे मे रखे करीब दस हजार रुपये नगद व करीब 90 हजार रुपये कीमत के सोने के गहने चोरी कर ले गए। सुबह जब परिजनाें ने घर का सामान अस्त व्यस्त देखा तो सन्न रह गए। सूचना पाकर दरोगा रामलाल सोनकर मौके पर पहुंचे और साक्ष्याें का संकलन कर कार्रवाई की बात कही है।