ऊमरी-रामपुरा मार्ग पर जाम लगाए ग्रामीण। अमर उजाला
- फोटो : amar ujala
ऊमरी गांव में घर के बाहर खेल रहे मासूम बच्चे को कुचलते हुए बोलेरो बिजली के खंभे से जा टकराई। मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने रामपुरा-ऊमरी मार्ग पर जाम लगा दिया। बोलेरो छोड़कर चालक वहां से भाग निकला, जबकि उसका साथी पकड़ा गया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाकर मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस बोलेरो चालक का पता लगा रही है।
रामपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम ऊमरी निवासी डिलू दोहरे का पांच वर्षीय बेटा आदित्य सोमवार सुबह घर के बाहर खेल रहा था। इसी बीच एक तेज रफ्तार बोलेरो वहां से निकली। डिलू के घर के पास पहुंचते ही अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया। बोलेरो अनियंत्रित होकर घर के बाहर खेल रहे मासूम आदित्य को कुचलते हुए एक बिजली के खंभे से टकरा गई। आदित्य की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा होता देखकर वहां हड़कंप मच गया और आस पास मौजूद ग्रामीण दौड़ पड़े। उन्होंने इसकी सूचना आदित्य के घरवालों को दी। आदित्य के परिजन रोते बिलखते हुए शव के पास पहुंचे।
उधर लोगों को आता देखकर बोलेरो चालक रामपुरा के डेलपुरा निवासी विपिन पुत्र पर्वत कुशवाहा व उसका एक साथी बोलेरो छोड़कर भाग निकले, जबकि उनका एक अन्य साथी डेलपुरा निवासी दीपू पुत्र भागीरथ को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। ग्रामीणों ने उसकी पिटाई करते हुए रामपुरा-ऊमरी मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम लगते ही दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। सूचना पुलिस को हुई तो रामपुरा थाने से फोर्स निकल पड़ा। गांव पहुंचते पर पुलिस ने ग्रामीणों को समझाते हुए जाम खोलने की बात कही, लेकिन वह पुलिस की एक न सुनने को तैयार हुए। ग्रामीण बोलेरो चालक व उसके साथियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
पुलिस ने ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन देते हुए शव को कब्जे में लिया। आश्वासन पर ग्रामीणों ने करीब डेढ़ घंटे बाद जाम खोल दिया, तब कहीं जाकर वाहनों का आवागमन शुरू हो सका। वहीं पुलिस ने पकड़े गए बोलेरो सवार को गिरफ्तार कर लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस बोलेरो चालक व उसके साथी की तलाश कर रही है।