मंगलवार सुबह 11 बजे लखनऊ खनन निदेशालय की दो सदस्यीय टीम सर्वेयर ब्रजभूषण तिवारी की अगुवाई में कदौरा पुलिस फोर्स के साथ सीधे भेड़ी खदान पहुंची। टीम के अधिकारियों ने मौके पर खनिज अधिकारी राजेश सिंह को भी बुलाया। तब तक खदान में काम कर रहे लोग छापे से अनजान रहे। जैसे ही टीम ने ड्रोन कैमरा उड़ाया, खदान में लगी जेसीबी और पोकलैंड खनन छोड़कर इधर-उधर जहां रास्ता मिला दौड़ने लगीं। ड्रोन कैमरे ने आसमान में ऊंचाई पर उड़कर काफी बड़े क्षेत्रफल में फैली खदान की लाइव तस्वीरें लेनी शुरू कर दीं।
इधर टीम भी पूरे खदान में पुलिस के साथ घूम घूम कर निरीक्षण करती रही। जगह-जगह खुदाई व पानी से निकाली गई मौरंग पर स्थानीय खनन अधिकारी से सवाल जवाब किए गए। टीम लीडर सर्वेयर ब्रजभूषण तिवारी ने बताया कि ड्रोन कैमरे से ही खदान के पट्टों की निगरानी की जाएगी। मुख्यालय के अधिकारी इन्हीं तस्वीरों के आधार पर अपनी कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। मौके पर अवैध खनन मिला कि नहीं, इस पर टीम अधिकारियों का कहना है कि तमाम शिकायतों के बाद ही खदान का निरीक्षण किया गया है, रिपोर्ट बनाकर लाइव तस्वीरों के साथ मुख्यालय को भेजी जा रही है। जल्द ही परिणाम भी सामने आएंगे। निरीक्षण के दौरान सर्वेयर रिजवान खान, कदौरा इस्पेक्टर कामता प्रसाद लेखपाल रामजी आदि रहे।
निदेशक का भी खौफ नहीं रहा
अभी एक माह पूर्व ही खनिज निदेशक रोशन जैकब ने पथरेहटा घाट पर निरीक्षण कर अवैध खनन पकड़ा था। इसके बाद हरकत में आए प्रशासन के अधिकारियों ने पथरेहटा का रास्ता खुदवाकर अवैध खनन बंद कराया था, लेकिन निदेशक के जाते ही भेड़ी घाट पर अवैध खनन का खेल फिर से शुरू हो गया।
खदानों पर चुनाव आयोग की भी नजर
सूत्रों की मानें तो अवैध खनन के माध्यम से चुनाव में प्रत्याशियों को आर्थिक लाभ पहुंचाया जा रहा है। लिहाजा आयोग की भी खदानों पर पूरी नजर है। एसडीएम सुनील शुक्ला का कहना है कि किसी भी कीमत पर अवैध खनन नहीं होने दिया जाएगा। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य भी अवैध खनन व स्वीकृत पट्टे से अधिक खनन पर रोक लगाना है।
ड्रोन देख बोले ग्रामीण, अब हुआ गजब
खनन स्थल पर आसमान में उड़ता ड्रोन कैमरा ग्रामीणों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। कैमरे को देखने के लिए खनन स्थल पर आसपास के गांवों के ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। ग्रामीणों ने टीम अधिकारियों को ओवरलोड ट्रकों के रास्ते बताए तो कैमरे ने उनकी भी तस्वीरों को कैद किया। इस पर ग्रामीण बोल अब हुआ गजब।