घायल को एंबुलेंस से ले जाते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में बाइक सवार युवक की मौत हो गई जबकि उसकी पत्नी समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में मरे युवक ने सिर की सुरक्षा के लिए हेलमेट लगाया था लेकिन सीने में आई चोट ने उसकी जान ले ली। घायलों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। थाना व कस्बा कोटरा निवासी नरेंद्र सिंह(22) पुत्र लाखन सिंह
सोमवार को अपनी पत्नी वीना देवी (20) के साथ अपनी ससुराल भोगनीपुर में त्रयोदशी भोज में शामिल होने के लिए गया था। वहां से मंगलवार की सुबह करीब 10 बजे बाइक से वापस घर आ रहा था। करीब 11 बजे जब वह आटा थाना क्षेत्र के हाइवे स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचा। इस दौरान वह सड़क किनारे खड़े रोड रोलर को नहीं देख सका और बाइक उसमें घुस
गई। इससे बाइक सवार दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान नरेंद्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पाकर थानाध्यक्ष विनोद कुमार मिश्रा मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल वीना को जिला अस्पताल भेजवाया और नरेंद्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की सूचना पाकर बदहवास परिजन मौके पर पहुंचेे। परिजनाें ने बताया कि
एक साल पहले ही दोनाें की शादी हुई थी। उधर आंखाें के सामने पति की मौत से वीना बेसुध हो गई। उधर, माधौगढ़ थाना क्षेत्र के गांव सुल्तानपुरा निवासी कच्छू सिंह(30) जालौन से बाइक से मंगलवार की दोपहर एक बजे अपने घर जा रहे थे। तभी सामने से आ रहे बाइक सवार ने उसकी टक्कर हो गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। माधौगढ़ के ही अंडाई
निवासी पार्वती (61) पत्नी रामसेवक अपने 30 वर्षीय पुत्र सर्वेश के साथ बाइक से गांव आ रही थी। रास्ते में माधौगढ़ से ग्वालियर जाने वाली बस ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे मां बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। इधर शहर कोतवाली के गांव मबई निवासी चंद्रशेखर (25) बाइक से उरई आ रहे थे तभी नून नदी के पुल के पास बाइक मिट्टी में फिसल गई और वह
गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बता दें हादसों में घायल हुए बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। एट थाना क्षेत्र के गांव बसोब निवासी युवक द्वारका राजपूत (35) को ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके पैर में गंभीर चोट आई है। डाक्टराें ने उसे मेडिकल कालेज झांसी रेफर कर दिया है।