क्षेत्र के गढ़ा निवासी अखिलेश की पत्नी वंदना (22) बुधवार की शाम संदिग्ध हालात में जल गई। ससुरालीजन महिला को जिला अस्पताल गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सिकरी व्यास थाना कोटरा से जिला अस्पताल पहुंचे वंदना के पिता गोटीराम व मामा जगत सिंह ने आरोप लगाया कि ससुरालियों ने दहेज की मांग को लेकर वंदना को मुंह में कपड़ा ठूंसकर मारा पीटा जब उसकी मौत हो गई तो उसके ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी।
पिता ने बताया कि उसने बेटी की शादी 29 अप्रैल 2017 को अखिलेश के साथ की थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले बाइक की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उन्होंने बेटी की हत्या कर दी। पिता ने आटा थाना पुलिस को तहरीर दी। आग से जली वंदना के मायके पक्ष के लोग सूचना पाकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां पुलिस ने शव नहीं देखने दिया। इसपर मायके पक्ष के लोगों ने आक्रोशित होकर हंगामा काटा। जिसपर काफी देर बाद पुलिस ने मायके पक्ष के लोगों को शव देखने दिया।
वंदना ने तीन माह पहले ही बच्चे गौरव को जन्म दिया। जिसके बाद कुछ दिनों के लिए घर पर खुशियों ने दस्तक भी दी थी। अचानक ससुरालियों का लालच जागा और उन्होंने वंदना का उत्पीड़न शुरू कर दिया। दुधमुंहा गौरव नाना की गोद में सो रहा था, उसे नहीं मालूम था कि अब उसे लोरी देकर सुलाने वाली मां कभी नहीं मिल पाएगी।इस पर थानाध्यक्ष आनंद कुमार सिंह का कहना है कि पति समेत अन्य ससुरालियों पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही कार्रवाई भी की जाएगी।