उरई। साल भर पूर्व मासूम बच्ची के अपहरण व हत्या का खुलासा पुलिस ने किया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एसपी स्वामी प्रसाद ने बताया कि बच्ची के नाम पर 11 लाख का बीमा था। जिस कारण बच्ची की मां के प्रेमी ने ही उसकी हत्या की, इसमें मां को भी आरोपी बनाया गया है। फिलहाल मंगलवार को पुलिस ने मां के प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि महिला की तलाश की जा रही है।
बता दें कि 22 जनवरी 22 जनवरी 2018 को बृजेंद्र सिंह राजपूत पुत्र राधेलाल निवासी ग्राम बिनौरा कालपी ने सूचना दी थी कि एक बच्ची का शव करमेर रोड के किनारे पड़ा है। जिसकी पहचान बाद में उमेशचंद्र दीक्षित निवासी रामनगर, उरई की बेटी के रूप में हुई थी। बच्ची का नाम सलोनी (6) था परिजनों ने बताया कि बच्ची सुबह स्कूल के लिए निकली थी।
इसके बाद घरवालों ने पड़ोस में ही रहने वाले आठ लोगों के खिलाफ पुरानी रंजिश में बेटी के अपहरण कर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की लंबी चली विवेचना के बाद मंगलवार को हत्या में शामिल उमेश के ही पुराने कार चालक रहे अर्पित निवासी आफीसर कालोनी उरई को पकड़ लिया गया। एसपी की माने तो अर्पित के बच्ची की मां से संबंध थे। बच्ची के नाम 11 लाख का बीमा भी था।
उसी रकम को हड़पने के लिए सलोनी की मां और अर्पित ने उसकी हत्या की साजिश की जिसके बाद अर्पित ने अपने एक साथी सड़ी नाई पुत्र बलखंडी निवासी रामनगर उरई के साथ मिलकर स्कूल जाते वक्त सलोनी को पहले अगवा किया और टाई से ही उसका गला कसकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दिया था। पुलिस ने मंगलवार को अर्पित को जिला परिषद के पास से गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि उमेशचंद्र ने दो शादियां की थीं। दूसरी पत्नी की ही बच्ची सलोनी थी। बीमे की रकम हड़पने के लिए ही वारदात को अंजाम दिया गया। फिलहाल फरार चल रही सलोनी की मां की तलाश की जा रही है। जबकि अर्पित का साथी दो दिन पहले ही पुलिस के हाथ लग चुका था।