अलग अलग जगह हुए चार सड़क हादसों में करीब 17 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को नजदीकि अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
टायर फटने से डिवाइडर से टकराई कार पलटी
कदौरा। कदौरा के बवीना गांव से मंगलवार सुबह एक कार का आगे का टायर अचानक फट गया। इससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइड से टकराई और पलट गई। किसान व राहगीर मौके पर पहुंच और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में बावई निवासी अजय पाल पुत्र रामशंकर, बृजेश कुमार पुत्र लक्ष्मी प्रसाद, राजेश शुक्ला पुत्र कौशिर शुक्ला, संजू तिवारी पुत्र अखिलेश आदि घायल हो गए। ये सभी लोग चित्रकूट दर्शन के लिए जा रहे थे। सूचना पर यूपी 100 भी घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कदौरा पहुंचाया। वहीं किसानों ने बताया कि कार की चपेट में एक बाइक सवार भी आ गया था, जिससे वह मामूली चुटहिल हो गया था। कार पलटने पर वह वहां से चला गया।
कार खंती में घुसी, चार घायल
हमीरपुर के कुरारा निवासी विवेक कार से परिजनों के साथ मंगलवार को कालपी किसी रिश्तेदारी में जा रहे थे। शहादतपुरा व बागी गांव के बीच कार की स्टेयरिंग अचानक जाम हो गया। कार अनियंत्रित होकर खंती में जा घुसी। हादसा होता देखकर आसपास मौजूद राहगीर बचाव के लिए दौड़ पड़े। कार के पास पहुंचने पर राहगीरों ने सभी घायलों को एक-एक कर कार से बाहर निकाला। हादसे में कार सवार विवेक के अलावा उसके परिवार की रजनी, पुष्पा और कीर्ति घायल हो गए। सूचना पर यूपी 100 पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने निजी वाहनों से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कदौरा पहुंचाया, जहां पर महिलाओं को हमीरपुर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
वैन और टेंपो की भिड़ंत में छह जख्मी
उरई। चुर्खी थाना क्षेत्र के ग्राम ककहरा के पास चुर्खी से उरई की तरफ आ रही सवारियों से भरी टेंपो की सामने से आ रही वैन से भिड़ंत हो गई। वहीं चालक वैन लेकर वहां से भाग निकला। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण आए और टेंपो में फंसे घायलों को बाहर निकाला। हादसे में सवार सरावन निवासी नईम (18) पुत्र मो. निशार, सुरेश (21) पुत्र राम नारायण पाल, उमाचरन (20) पुत्र बलराम सिंह, उरई निवासी हरेंद्र (18) पुत्र भीकम सिंह, टेंपो चालक अभैदेपुर निवासी आलोक प्रजापति (22) पुत्र राजेंद्र कुमार, व पृथ्वीपुरा निवासी वीरवती (50) पत्नी नारायण घायल हो गए। घायलों को आनन फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां सभी का इलाज चल रहा है।
बाइकों की भिड़ंत में महिला समेत तीन घायल
एट। एनटीपीसी प्लांट के पास नेशनल हाईवे पर दो बाइकों की आमने सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। वहां मौजूद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। हादसे में झांसी के उलदन थाना क्षेत्र के किशोरी नंदन (27) पुत्र ब्रिजनंदन व उसकी पत्नी नीतू (25) घायल हो गए। वह एट से झांसी की तरफ जा रहे थे। वहीं दूसरा बाइक सवार उरई निवासी नईम (21) पुत्र मो. निसार भी घायल हुए हैं। हेलमेट न लगाए होने से दोनों ही बाइक चालकों के सिर पर भी चोट आईं हैं। पुलिस ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।