कोंच (जालौन)। वर्चस्व को लेकर दो पक्षों के बीच चौकी के निकट ही जमकर मारपीट और फायरिंग होने से क्षेत्र में दहशत व्याप्त है। इलाकाई लोगों का कहना कि जब सड़क पर संघर्ष चल रहा था, तब चौकी पर एक भी सिपाही मौजूद नहीं था। इसे लेकर इलाकाई लोगों में पुलिस के खिलाफ रोष व्याप्त है। हैरत की बात तो यह है कि वर्चस्व की लड़ाई में भी पुलिस ने एक पक्ष की ओर से चार लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया है।
बुधवार रात लगभग आठ बजे चौकी तिराहे पर एक दुकान के सामने अचानक दो पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। पहले लात घूंसे चले और फिर बेल्टें बाहर आ गईं। इसके बाद जमकर मारपीट होने लगी। सड़क पर भगदड़ मच गई। फिल्मी अंदाज में सड़क पर लात, घूंसे और बेल्ट चल रहे थे। इसी बीच किसी ने फायर कर दिया। जिससे रोड की दुकानें भी बंद होने लगीं।
सूचना पर एसएसआई दिलीप वर्मा, सागर चौकी इंचार्ज सुरेंद्र कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तो पुलिस देख झगड़ रहे लोग वहां से भाग लिए। बाद में पता चला कि यह लड़ाई किसी सलमान और ऋषभ के बीच वर्चस्व को लेकर थी।
सलमान पुत्र यासीन निवासी आराजी लेन की तहरीर पर पुलिस ने ऋषभ सोनी, नकुल सोनी, संदीप यादव व शीलू यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। सीओ शीशराम का कहना है कि झगड़ा किसी लड़की को लेकर हुआ है। दोनों पक्षों से पूछताछ कर उचित कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि एक दिन पूर्व भी गांधीनगर इलाके में मलंगा नाले पर बने गेट के पास किसी बात पर दोनों गुटों में झड़प हुई थी।