इंग्लैंड की महिला मित्र बनकर पहले तो फेसबुक पर दोस्ती की, इसके बाद भारत आने पर कस्टम विभाग में फंसने का झांसा देकर अलग-अलग काम के नाम पर लगभग आठ लाख रुपये की ठग लिए। पीड़ित ने इसकी शिकायत कोतवाली में तहरीर देकर की है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
कोतवाली क्षेत्र के सालाबाद गांव निवासी रमाकांत पुत्र अंगद सिंह हाल निवास मोहल्ला भवानीराम ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि चार अप्रैल को उसकी फेसबुक पर लिंडा सनी नामक युवती से दोस्ती हुई। उसने स्वयं को इंग्लैंड का बताया। दोनों कई दिनों तक फेसबुक पर बाते करते रहे।
एक दिन उसने बताया कि वह भारत यात्रा पर आ रही है इसलिए वह अपना व्हाट्सएप नंबर दे दे ताकि बातचीत होती रहे। अचानक एक दिन उसने बताया कि वह 28 अप्रैल को भारत यात्रा पर आ रही है और 29 अप्रैल को वह भारत पहुंचेगी। इसके बाद 30 अप्रैल को उसके पास एक युवक का फोन आया जिसमें बताया गया कि वह कस्टम आफिस का अधिकारी बोल रहा है। उसकी इंग्लैंड की मित्र पकड़ी गई है।
भारत में उसका वहीं दोस्त है उसके मोबाइल पर उसका ही नंबर मिला है। उसे छुड़ाने के लिए रविंद्र नाथ चौधरी नामक खाताधारक के खाते 38 हजार 200 रुपये डलवा दे। महिला से बात होने के बाद उसने खाते में पैसे डलवा दिए। इसके अगले दिन लॉड्री सार्टिफिकेट के नाम पर 78 हजार 500 रुपए खाते में डलवाए गए।
इसके बाद अगले दिन फिर उसकी महिला मित्र की धनराशि जो पोंड में थी। उसे रुपये में बदलने के लिए एक लाख 45 हजार 500 रुपए खाते में डलवाए गए। इस दौरान महिला मित्र ने उससे बात करके कहा कि वह उसके रुपये लौटा देगी।
विश्वास में आकर वह रुपये देता रहा। तीन मई को पुलिस वेरीफि केशन के नाम पर तीन लाख 55 हजार रुपये की मांग की गई और न देने पर इस मामले में उसके भी फंसने की धमकी दी गई। फंसने के डर से उसने विश्नू शर्मा नामक शख्स के खाते में तीन लाख 55 हजार रुपये भेज दिए।
इसके अगले दिन कस्टम होटल के बिल के भुगतान के नाम पर एक लाख 72 हजार 700 रुपये मोहम्मद फ हीम गुरुग्राम के खाते में भेजे। इसके बाद एक बार फिर उससे दो लाख 99 हजार रुपये की मांग की गई। ठगी का शक होने पर उसने रुपये देने से मना कर दिया, तो उसे तरह तरह से डराया धमकाया जा रहा है।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
इग्लैंड की महिला बन फेसबुक पर की दोस्ती, ठगे आठ लाख