जालौन। चाय पानी एवं कोल्ड ड्रिंक की दुकान में अज्ञात कारणों के चलते रात में आग लगने से लगभग एक लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित दुकानदार ने हादसे की सूचना कोतवाली में दी।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला भवानीराम नहर कोठी निवासी मुहम्मद रजा अंसारी की एलआईसी के पास चाय व शीतल पेय की दुकान है। जिसमें वह डीप फ्रीजर भी रखे था। मंगलवार की रात करीब साढ़े 8 बजे वह अपनी दुकान बंद कर घर चला गया। रात में लगभग साढ़े 11 बजे लोगों ने फोन कर बताया कि उसकी दुकान में आग लग गई है।
जिसके बाद वह फायर ब्रिगेड को सूचना कर दुकान पर पहुंचा तो दुकान का सामान धू धूकर जल रहा था। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड जब तक आग पर काबू पा पाती तब तक उसका दुकान में रखा लगभग एक लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। उधर सूचना पाकर कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंच गए। दुकानदार रजा अंसारी ने अज्ञात व्यक्ति पर जानबूझकर दुकान में आग लगाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।