शहर कोतवाली पुलिस ने चार अंतरजनपदीय शातिर चोरों को तमंचा कारतूस, जेवर, नगदी, मोबाइल व कार समेत गिरफ्तार कर लिया है। एसपी स्वामी प्रसाद ने पुलिस कार्यालय में मामले का खुलासा किया। बताया कि आसपास के जनपदों में भी वारदात को अंजाम दे चुके हैं। पकड़े गए चारों कार का इस्तेमाल चोरी का माल ढोने में इस्तेमाल करते थे। इनमें एक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है।
शहर कोतवाली क्षेत्र में डिग्गीताल पटेल नगर निवासी रामसखी पाल पत्नी मान सिंह पाल के घर 16 फरवरी को चोरी हुई थी। वहीं, अजनारी रोड रेलवे फाटक के पास राजेश कुमार गौतम पुत्र मंशाराम के यहां चार मार्च को चोरी हुई थी। राजेंद्र नगर निवासी अर्चना नखरिया के यहां 21 मार्च को चोरी हुई थी।
सभी के मामले शहर कोतवाली में दर्ज हैं। एसपी ने चोरी के खुलासे के लिए कोतवाली पुलिस स्वाट व सर्विलांस टीम को लगाया था। पुलिस संयुक्त टीम ने मंगलवार की रात राठ रोड पुल के पास से मनोज उर्फ डान पुत्र मिट्ठूलाल ढीमर कैंथा थाना राठ जिला हमीरपुर, अल्ली उर्फ अमर सिंह पुत्र मानसिंह कुशवाहा निवासी अटवारा थाना कुलपहाड़ जनपद महोबा, जगदीश पुत्र रामप्रकाश कुशवाहा निवासी चरखारी रोड नई बस्ती हमीरपुर, संदीप पुत्र मुकेश कोरी निवासी बाल भारती स्कूल के पास राजेंद्र नगर उरई को गिरफ्तार कर लिया।
चोरों के पास से पुलिस को 12 बोर के तीन तमंचे, चार कारतूस, सोने का मंगलसूत्र, चैन, पांच चांदी के सिक्के, तीन जोड़ी पायल, एक हाफ पेटी, 19 बिछुआ, 25 चांदी के सिक्के, 17 जोड़ी चांदी के बिछिया, एक इर्न्वटर, यूपीएस, एक मिक्सी जूसर, एक एंडोराइड फोन व एक कीपेड फोन, एक लैपटॉप, एक लोहे का सावट, दो पेचकस, दो साड़ी, एक कार व 1100 रुपये सहित लगभग 14 लाख का माल बरामद किया। एसपी ने बताया कि पकड़े गए चोर शातिर अपराधी हैं।
इनपर अन्य जिलों में भी मामले दर्ज हैं। पूछताछ में चोरों ने स्वीकार किया कि वह सूने घरों को अपना निशाना बनाते हैं। बंद पड़े घरों की पहले रेकी करते हैं। बाद में घटना को अंजाम देते थे।
उरई में हुई तीन चोरी की घटनाएं व माधौगढ़ में हुई चोरी की घटना का सामान बेचने जा रहे थे। तभी पुलिस ने उन्हें पक़ड़ लिया। चोर अमर सिंह पर कुलपहाड़ जिला महोबा में चार मामले दर्ज है।
अमर हिस्ट्रीशीटर भी है। एसपी के मुताबिक चोरों ने महोबा, हमीरपुर और दिल्ली में भी कुछ वारदातें करने बात स्वीकार की है। चोरों को पकड़ने वाले टीम में कोतवाल शिव गोपाल वर्मा, स्वाट टीम प्रभारी सुदीश कुमार, सर्विलांस सेल प्रभारी महेश दुबे, उपनिरीक्षक नवीन कुमार सिंह, रविशंकर मिश्रा, हरपाल सिंह, अनिल कुमार द्विवेदी, सिपाही बृजेंद भदौरिया, स्वाट के शैलेंद्र, रवि भदौरिया, गौरव वाजपेई, शुएब आलम चालक ब्रजेंद्र सिंह आदि रहे।