महेवा। कालपी कोतवाली अंतर्गत ग्राम मंगरोल में प्राचीन मंदिर में स्थापित शिवलिंग को ससुराल आए युवक ने उखाड़ दिया। मामले की जानकारी लगते ही गांव में हड़कंप मच गया और लोग मंदिर के पास एकत्रित हो गए। वहीं सूचना लगते ही पुलिस बल के साथ कोतवाल मौके पर पहुंच गए और युवक को पकड़ लिया। इंस्पेक्टर आरके सिंह ने बताया कि वह मानसिक तौर पर बीमार है। उसका कानपुर में इलाज चल रहा है। पिछले दिनों उसका ससुर बलराम उसे गांव ले आया था। शिवलिंग को मंदिर में स्थापित कराया जाएगा। पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि उसे एक फिल्म में देखकर शिवलिंग उखाड़ने की योजना बनाई थी।
थाना कुठौद के ग्राम करतलापुर निवासी बादशाह पुत्र रामदयाल (30) की ससुराल ग्राम मंगरोल में है। पिछले सप्ताह बादशाह अपनी ससुराल आया था। शुक्रवार सुबह 7 बजे गांव स्थित प्राचीन मंदिर में गया और उसने वहां स्थापित शिवलिंग को उखाड़ कर अपने साथ ले जाने लगा, तभी मंदिर के पुजारी अमित मिश्रा उसे देख लिया। मामले की सूचना लगते ही दर्जनों ग्रामीण मंदिर में एकत्रित हो गए और युवक को पकड़ लिया।