कोंच। नाबालिगों के साथ यौन उत्पीड़न के मामले में बाल कल्याण समिति के सदस्यों ने पीड़ित एक नाबालिग से पूछताछ की। सदस्यों के सामने भी पीड़ित ने पूर्व लेखपाल की करतूत बयां की। वहीं कोतवाली पुलिस अब आरोपी के मददगारों की तलाश में जुटी है।
करीब सप्ताह भर पूर्व भाजपा नेता एवं पूर्व लेखपाल रामबिहारी को नाबालिगों के यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। उसके खिलाफ अभी यौन उत्पीड़न के तीन मामले दर्ज किए गए हैं। इन तीनों पीड़ितों में से एक पीड़ित नाबालिग पाया गया था। रामबिहारी अपने घर पर ही जुआड़खाना भी चलाता था। शुक्रवार को बाल कल्याण समिति के डॉ. गौरीशंकर गुप्ता, त्रिवेणी देवी, अरविंद सिंह यादव आदि ने रामबिहारी कांड की विवेचना कर रहे अधिकारी इंसपेक्टर क्राइम उदयभान गौतम के साथ पीड़ित नाबालिग से पूछताछ की। समिति के सदस्यों का कहना है कि राम बिहारी को उसके कृत्यों की कड़ी सजा मिलेगी। सदस्यों ने किशोर को भी समझाया है कि बुरी सोहबत में नहीं पड़ना चाहिए। वहीं कोंच पुलिस का कहना है कि रामबिहारी के जुआड़खाने और यौन उत्पीड़न में उसका साथ देने वालों की तलाश की जा रही है।