बर्ड फ्लू को लेकर जिला स्तरीय रैपिड रेस्पांस टीम गठित
जिला स्तरीय कंट्रोल रूम का नंबर 05162-252516
संवाद न्यूज एजेंसी
उरई। बर्ड फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सतर्कता बरती जा रही है। बर्ड फ्लू का फिलहाल जनपद में अभी कोई मामला सामने नहीं आया है लेकिन स्वास्थ्य विभाग की तरफ से पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। जिला स्तरीय कंट्रोल रूम की स्थापना के साथ ही रैपिड रेस्पांस टीम का भी गठन कर दिया गया। जिला अस्पताल में एक वार्ड भी आरक्षित कर दिया गया है।
सीएमओ डॉ. ऊषा सिंह ने बताया कि पशुपालन विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय करके बर्ड फ्लू की रोकथाम के लिए पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। सीएमओ कार्यालय में तैनात महामारी रोग विशेषज्ञ महेंद्र कुमार ने बताया कि पशुपालन विभाग से हर दिन अपडेट लिया जा रहा है। प्रतिदिन शासन को रिपोर्ट भेजी जा रही है। लोगों को सचेत किया जा रहा है कि पक्षियों विशेषकर मुर्गियों से दूरी बनाए रखें। किसी तरह की बीमारी फैलने पर तत्काल कंट्रोल रूम या रैपिड रेस्पांस टीम को अवगत कराएं ।
जिला रैपिड रेस्पांस टीम में एसीएमओ डॉ सत्यप्रकाश, मेडिकल कालेज की पैथालॉजिस्ट डॉ. रेनू सिंह, माइक्रोबायोलॉजिस्ट डॉ. गोपाल, फिजीशियन डॉ. राहुल सचान, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. एसके पाल, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. नीरज, जिला खाद्य एवं औषधि अधिकारी डॉ. प्रियंका सिंह, डीएमओ डॉ. जीएस स्वर्णकार, प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. जितेंद्र, ऐपीडेमियोलाजिस्ट महेंद्र कुमार, लैब टेक्नीशियन गोविंद नारायण, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक महेंद्र तिवारी शामिल हैं।