उरई। शिकायतें मिलने पर जांच करने पहुंची खनन विभाग की टीम ने अनियमितता मिलने पर भेड़ी खंड तीन के खनन कारोबारी पर लगे 15 लाख के जुर्माने की राशि को बढ़ाकर 25 लाख कर दिया है।
कदौरा थाना क्षेत्र के भेड़ी खंड संख्या तीन में अनियमितता बरतकर खनन करने की डीएम से शिकायतें जनवरी की गई थीं। इसका संज्ञान लेते हुए डीएम प्रियंका निरंजन ने खनन विभाग की टीम को भेजकर जांच कराई थी। टीम को चक रोड खोदकर खनन करने की बात मिली थी। इस पर टीम ने मेसर्स राणा कंस्ट्रक्शन के संचालक हमीरपुर निवासी ख्वाजा इफ्तखार पर 15 लाख रुपये का जुर्माना लगाया था।
इसके बाद पूरी जांच पड़ताल होने के बाद अनियमितता अधिक होने पर इस राशि को बढ़ा कर 25 लाख रुपये कर दिया है। इससे खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया। खनन अधिकारी रणवीर सिंह ने बताया कि शिकायत पर जांच कराई गई थी। अनियमितता मिलने पर प्राथमिक तौर पर 15 लाख रुपये का जुर्माना लगाया था। जांच पड़ताल पूरी होने के बाद अनियमितता अधिक होने पर इस राशि को बढ़ाकर 25 लाख रुपये कर दिया गया है।