जालौन। खेत जोतने को लेकर हुए विवाद में कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गिधौसा में विवाद के बाद गोलियां चली थीं। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवाल्वर व रायफल को कब्जे में लिया।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गिधौसा निवासी इंद्रजीत सिंह की जमीन को उनके पुत्र के निधन के बाद रेंढर थाना क्षेत्र के ग्राम करहियापुर निवासी उनके समधी महावीर शरण बलकट पर जोतते हैं। रविवार की शाम इंद्रजीत के भाई जगजीत सिंह उर्फ बालजीत व ध्यानेंद्र उर्फ लव का विवाद महावीर शरण के साथ हो गया।
कहासुनी से शुरू हुआ विवाद गाली, गलौज व मारपीट, फायरिंग तक पहुंच गया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष महावीर शरण की तहरीर पर जगजीत सिंह व ध्यानेंद्र के खिलाफ सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवाल्वर व एक लाइसेंसी रायफल भी बरामद कर ली है। उक्त संदर्भ में कोतवाल सुनील सिंह ने बताया कि रिवाल्वर व जगजीत सिंह के नाम दर्ज एक रायफल बरामद की गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।