कदौरा। कृषि उत्पादन मंडी समिति परिसर में सोमवार को नगर के प्रमुख व्यापारी के बैग से पांच लाख रुपये गायब हो गए। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। पुलिस ने मंडी परिसर में लगे सीसीटीवी के फुटेज भी खंगाले हैं।
नगर के प्रमुख व्यापारी कृष्णा पल्स मिल्स के मालिक सतीश पुरवार अपने साझेदार रमेश चंद्र गुप्ता के साथ सोमवार को बाजार का दिन होने से बैग में पांच लाख रुपये रखकर कृषि उत्पादन मंडी समिति परिसर में खरीदारी करने गए थे। खरीदारी के दौरान उनके बैग से किसी ने रुपये निकाल लिए, जब उन्हें बैग में रुपये न होने की जानकारी मिली तो होश उड़ गए।
मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक रवींद्रनाथ यादव फोर्स के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और छानबीन शुरू की है। उन्होंने मंडी परिसर में लगे सीसीटीवी को खंगाले।
प्रभारी निरीक्षक रवींद्रनाथ यादव का कहना है कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। व्यापारी लगातार बयान बदल रहे हैं। पहले 3 लाख उसके बाद 74 हजार बता रहे हैं। अभी तक तहरीर नहीं मिली है सीसीटीवी फुटेज से चोरो की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।