उरई। इमिलिया व गढ़न गांव के बीच पांच दिन पहले दिनदहाड़े बैंक में रुपये जमा करने जा रहे बुजुर्ग से 1.30 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने बुधवार की सुबह झांसी कानपुर-हाईवे स्थित भुआ गांव मोड़ के पास से दो लुटेरों को गिरफ्तार कर एक लाख रुपये व लूट में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।
एएसपी राकेश सिंह ने बुधवार को लूट का खुलासा करते हुए बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्र के इमिलिया गांव निवासी कढ़ोरे ने 16 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस को दी तहरीर में कहा था कि उसके पिता कोमलदास अपने नाती के साथ बाइक से उरई बैंक में रुपये जमा करने जा रहे थे। इमिलिया व गढ़न गांव के बीच पहुंचते ही बाइक सवार दो लुटेरों ने उन्हें बाइक से गिराकर रुपयों से भरा बैग छीन लिया और भाग गए।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर खुलासे के लिए एसओजी, सर्विलांस व कोतवाली पुलिस को लगाया था। टीम ने बुधवार की सुबह लुटेरे शिवम उर्फ पुष्पेंद्र सिंह निवासी कपासी कोतवाली उरई व धर्मेंद्र उर्फ परवाना अहिरवार निवासी कपासी उरई को झांसी कानपुर-हाईवे स्थित भुआ गांव मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लूट में प्रयुक्त बाइक व एक लाख रुपये बरामद किया।
एक लुटेरा बॉबी फरार चल रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। लुटेरों को पकड़ने वाली पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी विनोद पांडेय, एसओजी प्रभारी कमलेश कुमार, सर्विलांस प्रभारी कुलभूषण सिंह व तीनों टीमों के सिपाही रहें। पुलिस टीम को एसपी ने दस हजार रुपये पुरस्कार देने की बात कही है।